बुढ़ाना में क्वारंटीन सेंटरों का निरीक्षण करने बुढ़ाना पहुंचे नोडल अधिकारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
क्वांरटीन सेंटरों की व्यवस्था को परखा
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। खतौली क्वारंटीन सेंटर पर तीन कोरोना पॉजीटिव केस मिलने के बाद जनपद के नोडल अधिकारी भी सतर्क हो गए हैं। नोडल अधिकारी ने बुढ़ाना के तीन क्वारंटीन सेंटरों का निरीक्षण किया। अतिरिक्त कक्ष खुलवाए गए। क्वारंटीन हुए ग्रामीणों के आराम करने के गद्दों की दूरी बढ़वाई गई। उन्होंने क्वारंटीन ग्रामीणों को भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए।
लॉकडाउन के दौरान दूसरे राज्यों व जनपदों से आने वाले सैकड़ों ग्रामीणों को प्रशासन ने कस्बे में तीन स्थानों पर क्वारंटीन सेंटर बनाकर वहां पर क्वारंटीन किया है। खतौली व तितावी में क्वारंटीन सेंटर में कोरोना पॉजीटिव केस मिलने के बाद प्रशासन की नींद उड़ गई है। सोमवार को दोपहर करीब दो बजे बुढ़ाना पहुंचे विशेष सचिव आर एन यादव ने कस्बे के क्वारंटीन सेंटरों का निरीक्षण किया। सबसे पहले वे नगर पंचायत के सामुदायिक केंद्र बरात घर पर पहुंचे। वहां पर उन्होंने हॉल में क्वारंटीन हुए ग्रामीणों के आराम करने के लिए बिछाए गए गद्दों की दूरी बढ़वाई। उन्होंने ग्रामीणों को सोशल डिस्टेंसिंग का पाठ पढ़ाया तथा इस महामारी से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों का यह काफिला फिर डीएवी डिग्री कॉलेज पहुंचा। वहां की व्यवस्था देखकर उन्होंने अतिरिक्त कक्ष खुलवाए। क्वारंटीन हुए ग्रामीणों के बीच दूरी बढ़वाई। नोडल अधिकारी ने क्वारंटीन हुए ग्रामीणों की अन्य सुविधाओं बाथरूम व शौचालय आदि का भी निरीक्षण किया। नोडल अधिकारी के साथ यह काफिला सनराइज स्कूल पहुंचा। वहां हुए क्वारंटीन ग्रामीणों के बीच भी दूरी बढ़वाई गई। नोडल अधिकारी ने ग्रामीणों को विशेष हिदायत देते हुए कहा कि लापरवाही करने पर जिंदगी से हाथ भी धोना पड़ सकता है। उन्होंने ग्रामीणों को सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने के निर्देश दिए।