बुढ़ाना में फुगाना थाने के बराबर में धरना देकर बैठे साधु।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
हाईवे पर थाने के बगल में गाड़ा तंबू
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। गांव सरनावली से अगवा महंत हरि गिरि की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर पिछले मंगलवार से हाईवे पर जारी साधु-संतों का धरना लगातार 11वें दिन भी जारी रहा। साधु-संतों ने हाईवे की एक साइड खोलते हुए थाने के बगल में तंबू गाड़ते हुए उसे धरनास्थल का रूप दे दिया है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मांग जल्द पूरी नहीं होने पर आंदोलन को तेज किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पुलिस प्रशासन के लापरवाही के कारण ही महंत का अभी तक पता नहीं चल सका है।
फुगाना थाना क्षेत्र के गांव सरनावली से दो अप्रैल की देर रात प्राचीन शिवमंदिर के महंत हरि गिरि संदिग्ध हालात में लापता हो गए थे। महंत की बरामदगी नहीं होने से साधु संतों का आक्रोश पुलिस प्रशासन के प्रति बढ़ता ही जा रहा है। महंत की सकुशल बरामदगी को लेकर गत मंगलवार से साधु-संत व ग्रामीण मेरठ-करनाल हाईवे पर फुगाना थाने के सामने जाम लगाकर धरने पर बैठ गए थे, जिससे हाईवे का यातायात बाधित हो गया था। दो दिन पूर्व साधु-संतों ने मेरठ-करनाल हाईवे की एक साइड यातायात के लिए खोलते हुए थाना फुगाना के बगल में डेरा जमा लिया था, जहां अब तंबू गाड़कर उसे धरनास्थल का रूप दे दिया गया है। इसके साथ ही महंत की सकुशल बरामदगी को लेकर साधु-संतों ने पूजा-अर्चना भी शुरू कर दी है। लगातार 11वें दिन धरने पर योगी शांतिनाथ, योगी महेशनाथ, रतन गिरि, दिगंबरनाथ, शिव गिरि, ज्ञानेश्वर गिरि, मोहन गिरि, चैरासी गिरि, पूरण गिरि, जगदीश गिरि व सुभाष गिरि आदि साधु-संत व ग्रामीण मौजूद रहे।