नहाते समय गंगनहर में डूबा किशोर, हड़कंप
मुजफ्फरनगर, खतौली। दोस्तों के साथ गंगनहर में नहाने आया किशोर पैर फिसलने से गहरे पानी में समा गया। किशोर के डूबने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। शाम तक गोताखोर गंगनहर में किशोर की तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा।
खतौली कोतवाली क्षेत्र के गांव यूसुफपुर पीपलहेड़ा निवासी किसान सुशील शर्मा का 17 साल का इकलौता बेटा रूपक शनिवार दोपहर बाद अपने दोस्तों के साथ गंगनहर पर नहाने के लिए आया था। नहाते समय अचानक रूपक का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। जब तक उसके दोस्त उसे बचाने का प्रयास करते, किशोर गहरे पानी में समा गया। किशोर को डूबता देख उसके दोस्तों ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के कुछ लोगों ने उसे बचाने के लिए गंगनहर में छलांग भी लगाई, लेकिन तब तक किशोर पानी में समा चुका था। किशोर के डूबने की सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ ही पीड़ित परिजन भी रोते-बिलखते हुए मौके पर जा पहुंचे। पुलिस ने गोताखोरों की टीम बुलाकर कई घंटे तक गंगनहर में किशोर की तलाश कराई, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। देर रात तक पीड़ित परिजन लाड़ले के जीवित मिलने की उम्मीद में गंगनहर पर ही डेरा डाले हुए थे।