- एसडीएम सदर परमानंद झा ने बीएसए को पत्र लिखकर दिए निर्देश
- निर्वाचक नामवली पुर्नरीक्षण अभियान में नहीं कर रहे हैं योगदान
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। नगर निकाय चुनाव के लिए निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण अभियान में बीएलओ बनाए गए 23 शिक्षक पर्यवेक्षकों की कॉल रिसीव नहीं कर रहे हैं। यही नहीं पर्यवेक्षण से संबंधित सामग्री भी अभी तक प्राप्त नहीं की गई है।
एसडीएम सदर परमानंद झा ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। पर्यवेक्षक और बीएलओ की ड्यूटी लगाई गई है। नगरपालिका परिषद क्षेत्र में कार्य पर लगाए गए 23 बीएलओ बेसिक शिक्षा विभाग के हैं। लेकिन यह बीएलओ कार्य में रुचि नहीं ले रहे हैं। पर्यवेक्षकों का फोन नहीं उठा रहे हैं। इसके अलावा सामग्री भी अभी तक प्राप्त नहीं की है। ऐसे में कार्य लगातार पिछड़ रहा है। बीएसए को पत्र लिखकर ऐसे बीएलओ के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व के साथ ही अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने के लिए पत्र लिखा है। उधर, बीएसए शुभम शुक्ला का कहना है कि वह अवकाश पर है। वापस लौटते ही बीएलओ के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।