मुजफ्फरनगर। रोजगार सृजन और विकास के मद्देनजर जनपद में निवेश कर उद्योग स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। पांच हजार करोड़ रुपये निवेश के लक्ष्य के सापेक्ष 1615 करोड़ रुपये के प्रस्ताव मिल चुके हैं। 1015 करोड़ रुपये निवेश संबंधी 13 औद्योगिक इकाइयां शिलान्यास के लिए तैयार हैं। सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने विभिन्न विभागों के साथ निवेश प्रस्ताव की समीक्षा की।
लखनऊ में शीघ्र ही होने वाली इन्वेस्टर समिट 5.0 के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से निवेश प्रस्ताव लिए जा रहे हैं। सीडीओ ने विकास भवन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर उद्यमियों की ओर से दिये गए निवेश प्रस्ताव की समीक्षा की।
सहायक उपायुक्त आशीष कुमार ने बताया किजनपद स्तर पर मेमोरंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग की प्रगति के लिए सीडीओ की ओर से विभागवार समीक्षा की गई। अभी तक जनपद में 1615 करोड़ की 32 इकाइयों के प्रस्ताव आ चुके हैं। इस दौरान एमडीए सचिव कुंवर बहादुर सिंह, आरएम यूपीएसआईडीए राकेश सिंह, जिला आबकारी अधिकारी राकेश बहादुर सिंह आदि शामिल रहे। संवाद