देवबंद (सहारनपुर)। सहारनपुर मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर शनिवार की रात में स्विफ्ट कार में आग लगने से अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
जनपद मुजफ्फरनगर निवासी राज कुमार देहरादून में काम करते हैं। रविवार की छुट्टी होने के चलते वह शनिवार की रात में स्विफ्ट कार से लौट रहे थे। जब वह हाईवे स्थित श्री साईं धाम मंदिर के समीप पहुंचे तो अचानक कार से धुआं निकलने लगा। यह देखते ही राज कुमार तुरंत ही कार से उतर गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस से जानकारी मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। पुलिस के मुताबिक तारों में शॉर्ट सर्किट होने के कारण कार में आग लगी। संवाद