बालिका वर्ग में बलवंती कॉलेज शामली की छात्राओं ने बाजी मारी
तितावी (मुजफ्फरनगर)। स्वामी कल्याणदेव इंटर कॉलेज बघरा में खो-खो प्रतियोगिता का आयेाजन किया गया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने खेलों में भाग लिया। बालिका वर्ग में बलवंती इंटर कॉलेज शामली की छात्राओं ने प्रथम स्थान पाया। बालक वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज शहर की टीम विजयी रही।
खेलों का शुभारंभ गुब्बारे उड़ाकर समाजसेवी देवराज पंवार, एसडी कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ एसएन सिंह, स्वामी कल्याणदेव डिग्री की प्राचार्या रीना सहरावत, विपिन कुमार ने किया। मां सरस्वती और स्वामी कल्याण देव की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित किया गया। देवराज पंवार ने कहा कि जीवन में पढ़ाई के साथ खेल भी जरूरी है। शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य खेलों से ही मिलता है। खेलों के आयोजन से आपसी सद्भाव और प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा होती है। प्राचार्या रीना सहरावत ने कहा कि खेलों का आयोजन होते रहना चाहिए। छात्र अंकित कुमार ने खिलाड़ियों को शपथ दिलाई। अतिथियों ने सभी खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया। प्रतियोगिता में मुख्य रूप से सिल्वर ओक पब्लिक स्कूल, बलवंती देवी इंटर कॉलेज शामली, राजकीय इंटर कॉलेज मुजफ्फरनगर, उच्च प्राथमिक विद्यालय नरोत्तमपुर माजरा, लक्ष्य पब्लिक स्कूल आदि ने प्रतिभाग किया। बालक वर्ग में जीआईसी की टीम और बालिका वर्ग में बलवंती देवी इंटर कॉलेज शामली की टीम पहले स्थान पर रही। अंत में शारीरिक शिक्षक विपिन सैनी ने सभी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ फरहाना राना, डॉ विनीत, नार्जीन, रंधीर कुमार, डॉ प्रदीप, डॉ सतेंद्र कुमार, धीरज, अंकुर गर्ग, विक्रांत, राजपाल सिंह, शेखर शर्मा, बालेंद्र कुमार, नरेंद्र कुमार, संतोष, सीमा आदि का सहयोग रहा।