- जनवरी 2025 में मंसूरपुर की न्यू मैक्स सोसायटी के मैनेजर से व्हाट्सएप कॉल के जरिये दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की मिली शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर पुलिस ने भगौड़ा घोषित सरगना एक लाख के इनामी सुशील मूंछ के दो बेटों मंजीत उर्फ टोनी, अक्षयजीत उर्फ मोनी तथा उनके साथी अमरदीप उर्फ भोलू के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपी जमानत पर हैं।
मंसूरपुर थाना पुलिस ने बताया कि जनवरी 2025 की शुरूआत में मंसूरपुर की न्यू मैक्स सोसायटी के मैनेजर मोलाहेड़ी निवासी मनीष कुमार से व्हाट्सएप कॉल के जरिये दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की शिकायत मिली थी।
रंगदारी थाना रतनपुरी के गांव मथेड़ी निवासी सुशील मूंछ के बेटे मंजीत उर्फ टोनी, अक्षयजीत उर्फ मोनी तथा उनके साथी अमरदीप उर्फ भोलू ने मांगी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था।
मथेड़ी निवासी अक्षयजीत और उसके साथी अमरदीप उर्फ भोलू को 27 जनवरी 2025 में मंसूरपुर व खतौली पुलिस ने मंसूरपुर के नावला कट के पास चेकिंग के दौरान कार में जाते हुए मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया था। सुशील मूंछ का दूसरा बेटा मंजीत कोर्ट में हाजिर होकर जेल चला गया था।
तीन आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपी जमानत पर हैं। उनकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों की संपत्ति भी जब्त की जाएगी।
-
सुशील मूंछ है भगौड़ा व एक लाख रुपये का इनामी
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि नई मंडी कोतवाली में वर्ष 1997 में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मामले में सुशील मूंछ दिसंबर 2023 से गैंगस्टर कोर्ट में हाजिर नहीं हो रहा था। इस कारण कोर्ट ने उसे भगौड़ा घोषित कर दिया था, तभी से उसे पुलिस तलाश रही है। मेरठ जोन के एडीजी डीके ठाकुर ने उस पर एक लाख का इनाम भी घोषित किया है। फरारी के दौरान ही उसके खिलाफ कोर्ट के आदेश की अवहेलना का एक मुकदमा वर्ष 2024 में नई मंडी कोतवाली में दर्ज किया था।