खतौली क्षेत्र में गन्ने से भरा ट्रक जिसने फाटक तोड़ा ।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
ट्रक पर लदे गन्ने से ओएचई वायर छू जाने पर रिले बॉक्स फुंका
खतौली (मुजफ्फरनगर)। सफेदा रोड स्थित फाटक पर मंगलवार देर रात गन्ने से लदा ओवरलोड ट्रक बूम बैरियर को तोड़ते हुए ओएचई वायर से छू गया, जिससे रिले बॉक्स फुंक गया। इससे रेलवे सिग्नल ठप हो गए। नतीजतन गोल्डन टेंपल और जनशताब्दी ट्रेनों को कॉशन देकर निकाला गया।
जीटी रोड से शुगर मिल जाने वाले गन्ने लदे वाहन सफेदा रोड स्थित रेलवे फाटक से होकर जाते हैं। मंगलवार देर रात गन्ने से लदा ओवरलोड ट्रक जीटी रोड से होते हुए रेलवे फाटक पर पहुंचा। अधिक ऊंचाई तक लदे ओवरलोड ट्रक ने पहले तो फाटक के बूम बैरियर को तोड़ डाला। इसके बाद ट्रक में लदे गन्ने ओएचई वायर से छू गए, जिससे लाइन में फॉल्ट होने से रिले बॉक्स फुंक गया। इसके चलते रेलवे सिग्नल ठप हो गए। घटना की सूचना मिलने पर रात में ही ईएसएम राकेश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेलवे लाइन बंद कराकर करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद रिले बॉक्स को ठीक कराया। इस दौरान ट्रैक पर पहुंची गोल्डन टेंपल व जनशताब्दी ट्रेनों को कॉशन देकर फाटक से निकाला गया। बुधवार सुबह करीब आठ बजे फॉल्ट ठीक कर रेलवे सिग्नल बहाल कराए जा सके। रेलवे की ओर से इस संबंध में ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर देने की तैयारी की जा रही है। ईएसएम राकेश कुमार ने बताया कि ओवरलोड ट्रक द्वारा बूम बैरियर तोड़ने के साथ ही ओएचई वायर से छूकर फॉल्ट हो गया था।