रतनपुरी के गांव रायपुर नंगली में किसान की फसल जलने पर धरना देकर बैठे किसान।
- फोटो : KHATAULI
विद्युत तार टूटने से गन्ने की फसल जली
मुजफ्फरनगर, रतनपुरी। गांव रायपुर नंगली में विद्युत लाइन का तार टूटने के कारण गन्ने की छह बीघा फसल जल गई। आक्रोशित किसानों ने मौके पर पहुंचे अवर अभियंता को अपने बीच धरने पर बैठाया। पीड़ित किसान ने थाने पर तहरीर दी।
रतनपुरी के गांव रायपुर नंगली निवासी किसान सौराज के खेत से होकर बिजली की हाईटेंशन लाइन जा रही है। जो काफी जर्जर अवस्था में है। किसान ने कई बार विभागीय अधिकारियों को इस लाइन को ऊँचा कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिए गए, आरोप है कि निगम के अधिकारियों लाइन ठीक नहीं कराई। शनिवार को जर्जर लाइन का तार टूटकर किसान सौराज के गन्ने के खेत में गिर गया। जिससे गन्ने के खेत में आग लग गयी। किसान की करीब छह बीघा गन्ने की फसल जल गई।
सूचना पर विद्युत निगम के अवर अभियंता खतौली लाखन सिंह मौके पर पहुंचे। आक्रोशित भाकियू नेता सचिन चौधरी, आशु चौधरी आदि किसानों ने अवर अभियंता को बंधक बनाकर अपने बीच धरने पर बैठा लिया। किसानों ने निगम से किसान की फसल का मुआवजा दिलाए जाने की मांग की। इस संबंध में किसान सौराज सिंह ने थाने पर तहरीर दी है।