रबी कृषि निवेश मेले का आयोजन किया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना। कृषि वैज्ञानिक डॉ. श्रीपाल राणा ने कहा कि गन्ने की बुवाई के साथ सहफसली खेती किसानों के लिए अत्यंत लाभदायक है। गन्ना, गेंहू व सरसों आदि फसलों के रोग और उनके नियंत्रण के लिए जानकारी दी। गन्ने की नवीनतम प्रजातियों के विषय में भी बताया।
उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी कार्यालय परिसर में बुधवार को कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण कृषक जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत रबी कृषि निवेश मेले का आयोजन हुआ। कृषि विज्ञान केंद्र बघरा से आए कृषि वैज्ञानिक डॉ श्रीपाल राणा ने कहा कि गन्ने की फसल के साथ सरसों, सब्जी और गेहूं आदि उगाया जा सकता है। कई किसानों ने सहफसली गन्ने की बुवाई कर लाभ कमाया है।
पशु चिकित्सा अधिकारी बुढ़ाना डॉ जितेंद्र कुमार ने पशुओं के संतुलित आहार और पेट के कीड़े मारने वाली दवाई के विषय में जानकारी दी। कृषि विभाग के कपिल कुमार और राजकुमार ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर किसान चमनसिंह, नेत्रपाल, दिनेश कुुमार, राजेंद्र सिंह, तिजारत अली, सुरेंद्र त्यागी और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।