संवाद न्यूज एजेंसी
जानसठ। राजपुर कलां गांव के जंगल में मासूम खेलते-खेलते गन्ने के खेत में सो गया। परिजनों ने तलाश की तो मासूम नहीं मिला। उसके अपहरण का शोर मच गया। ग्रामीणों ने एकत्र होकर तलाश की तो वह गन्ने के खेत में सोते हुए मिल गया। इससे परिजनों ने राहत की सांस ली।
राजपुर कलां गांव में किसान के यहां सोनभद्र निवासी गुल्लू और उसकी पत्नी गन्ना छिलाई का कार्य करते हैं। उनका चार वर्षीय पुत्र अक्षित खेलते-खेलते गन्ने की पुली और पत्ती के बीच जाकर लेट गया। कुछ देर बाद बच्चा दिखाई नहीं दिया तो परिजन उसे तलाश करने लगे। बच्चे के नहीं मिलने पर उसके अपहरण का शोर मच गया। करीब आधे घंटे बाद मासूम गन्ने की पुली के बीच में लेटा हुआ मिला। इस दौरान पुलिस भी तलाश करते हुए पहुंच गई। बच्चे के सकुशल बरामद होने पर परिजनों और पुलिस ने राहत की सांस ली।