बोनस की मांग को लेकर चीनी मिल परिसर में धरना प्रदर्शन करते मिलकर्मी
- फोटो : DEVBAND
बोनस में कटौती किए जाने पर बिफरे चीनी मिलकर्मी
देवबंद (सहारनपुर)। बोनस में कटौती किए जाने के विरोध में सोमवार को त्रिवेणी चीनी मिल के कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि मिल प्रबंधतंत्र ने पूरा बोनस नहीं दिया तो मिल में टूल डाउन कर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन को मजबूर होंगे।
संयुक्त मोर्चा चीनी मिल मजदूर संघर्ष समिति के बैनर तले कर्मचारियों ने शुगर मिल परिसर में धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना था कि मिल प्रबंधतंत्र से वार्ता पर 20 प्रतिशत बोनस देने का आश्वासन दिलाया था। लेकिन उन्हें केवल 8.33 प्रतिशत बोनस का भुगतान किया गया। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें पूरा 20 प्रतिशत बोनस नहीं दिया गया तो वह मिल में टूल डाउन करने को मजबूर होंगे। इसके बाद समिति पदाधिकारियों ने चीनी मिल उपाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। जिसकी प्रतिलिपि श्रम मंत्री उत्तर प्रदेश, जिलाधिकारी, श्रम उपायुक्त और एसडीएम आदि को भेजी गई है। कर्मचारियों का धरना शाम पांच बजे तक जारी रहा। प्रदर्शन में प्रदीप कुमार शाही, मुकेश कुमार, चंद्रपाल सिंह, मुकेश त्यागी, वीरेंद्र सिंह, सुरेंद्रपाल सिंह, कर्म सिंह, बलदेव राज आदि मौजूद रहे। वहीं चीनी मिल के उपाध्यक्ष दीनानाथ मिश्र ने बताया कि अतिरिक्त लाभ होने पर ही 20 प्रतिशत बोनस दिए जाने का प्रावधान है। लेकिन यदि घाटा है तो 8.33 प्रतिशत ही बोनस दिया जाता है। इस बार भी मिल लाभ में नहीं है, जिस कारण 8.33 प्रतिशत बोनस दिया गया है। फिर भी इस संबंध में उच्चाधिकारियों से वार्ता चल रही है।