मुजफ्फरनगर। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने ककरौली थाने में तैनात दरोगा समय सिंह व थाना खतौली में तैनात सिपाही अजय कुमार को निलंबित कर दिया। दरोगा पर है कि उन्होंने थाना प्रभारी के साथ अभद्र व्यवहार किया जबकि 2025 बैच के रिक्रूट सिपाही ने वर्दी पहनकर रील बनाकर वायरल की थी।
एसएसपी ने आदेश दिए हुए हैं कि कोई भी पुलिसकर्मी किसी भी फरियादी या आमजन से अभद्र व्यवहार न करे। सभी के साथ अच्छा व्यवहार करे। लेकिन ककरौली थाने में तैनात दरोगा ने तो मंगलवार सुबह अपने थाना प्रभारी के साथ ही अभद्रता कर दी। मामला इतना ज्यादा बढ़ गया कि थाना प्रभारी ने एसएसपी को पूरे मामले की जानकारी दी।
बताते हैं कि थाना प्रभारी ने दरोगा को ड्यूटी करने के बारे में कहा था जो दरोगा को नागवार गुजरा। इसके बाद दोनों में विवाद हो गया। इसके अलावा खतौली थाने की भूड़ पुलिस चौकी पर कुछ दिन पहले ही रिक्रूट अजय कुमार की तैनाती हुई थी। उसने चार दिन पहले वर्दी पहनते व बुलेट बाइक पर जाने की रील बनवा कर उसे वायरल कर दिया।
मामले की जानकारी मिलने पर एसएसपी ने दरोगा व सिपाही दोनों को निलंबित कर दिया। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने निलंबन की कार्रवाई की पुष्टि की। बताया कि उन्होंने पुलिसकर्मियों को रील बनाने के मामले से दूर रहने के आदेश दिए हैं।