संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बैसाखी पर्व मनाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने जलियावाला बाग हत्याकांड का मंचन किया। प्रधानाचार्य डॉ. अखिलेश शर्मा, महेश कुमार, विजया शर्मा और सरिता ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम संयोजक तेजपाल सिंह ने जलियावाला बाग हत्याकांड की जानकारी दी। बताया कि 13 अप्रैल 1919 को अमृतसर के जलियावाला बाग में बैसाखी के दिन एकत्रित भीड़ पर अंग्रेज जनरल डायर ने अपने सैनिकों से गोलियां चलवाकर सैकड़ों बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों को मार डाला था। क्रांतिकारी उधम सिंह ने जनरल डायर को मारकर इस वीभत्स हत्याकांड का बदला लिया था। विद्यालय शिक्षक पंकज त्यागी व अमित शर्मा ने इस मार्मिक घटना को गीतों के माध्यम से बड़े ही सुंदर ढंग से प्रदर्शित किया।
प्रधानाचार्य डॉ. अखिलेश शर्मा ने कहा कि मातृभूमि की आजादी के संघर्ष में अनेक वीरों, क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। हमें उन वीरों के बलिदान को याद रखना चाहिए। हमारी विचारधारा सदैव देश, समाज के साथ जुड़ी रहनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने सभी से 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की।