मुजफ्फरनगर। शिक्षक दिवस पर शिक्षण संस्थानों में छात्रों ने गुरुओं का वंदन कर आशीर्वाद लिया। इस मौके पर छात्रों ने ग्रीटिंग कार्ड और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर शिक्षकों के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त की। विद्यालयों में शिक्षकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर में भारत विकास परिषद संकल्प की ओर से गुरु-वंदन, छात्र-अभिनंदन कार्यक्रम हुआ। प्रबंध समिति अध्यक्ष ललित महेश्वरी ने बताया कि प्रधानाचार्य डॉ. अखिलेश शर्मा, शिक्षक अमित पंवार, शुभम जैन और गणित प्रवक्ता प्रमोद शर्मा को सम्मानित किया गया। मेधावी छात्रों में कुलदीप कुमार, हर्षित जैन, वंश कुमार, ओम आश्रावाल को स्मृति चिह्न प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। 37वीं क्षेत्रीय टेबिल-टेनिस प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी अभिनव सैनी, अक्षित पाल, शौर्य चौधरी एवं सिद्धार्थ को सम्मानित किया गया।
पचैंड़ा रोड स्थित पीआर पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। प्रबंधक अशोक सिंघल जी और प्रधानाचार्य अनघ सिंघल ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। शिक्षकों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के संचालन में दिव्या शर्मा, प्रवीण कुमार, अनुपम सैनी, प्रज्ञा सिंधि, दीपक मलिक, शिखा ठाकुर आदि का सहयोग रहा। जनता इंटर कॉलेज मुस्तफाबाद में प्रधानाचार्य राकेश कुमार ने बताया कि वह महान शिक्षक थे। नचिकेता पब्लिक स्कूल में उप- प्रधानाचार्या जसबीर कौर ने उनके जीवन पर प्रकाश डाला।
आशादीप मूक-बधिर संस्थान में लायंस क्लब की शाखा दिव्य की ओर से शिक्षक दिवस पर अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और उपहार प्रदान कर सम्मानित किया। क्लब के अध्यक्ष नन्द गोपाल बंसल, सचिव संदीप सिंघल एवं संस्थान के अध्यक्ष लोकेश चंद्र, सचिव आरके गोयल, प्रधानाचार्य ब्रजमोहन शर्मा मौजूद रहे।
सबसे कम अवकाश लेने वाले शिक्षक सम्मानित
जानसठ रोड स्थित दि एसडी पब्लिक स्कूल में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में विद्यार्थियों का कुशल मार्गदर्शन करने वाले और सबसे कम अवकाश लेने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्या डॉ. नीलम महाना, शिक्षिका मृदुला मित्तल, सपना कुमार, चंचल सक्सेना मौजूद रहे।
केक काटा, उपहार दिए
मंसूरपुर। राज पब्लिक स्कूल मंसूरपुर में देश के द्वितीय राष्ट्रपति डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्मदिन शिक्षक दिवस के रूप में मनाया गया। सभी शिक्षकों तथा छात्रों ने मिलकर केक काटा। प्रधानाचार्य शिवम राठी ने राधाकृष्णन के जीवन पर प्रकाश डाला। बच्चों ने शिक्षकों को उपहार दिए।