राज्यमंत्री जयवीर सिंह बोले, घटना बेहद दुखद, जाति धर्म वर्ग के आधार पर पक्षपात नहीं
राज्यमंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि एक शिक्षक समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यूपी सरकार वर्ग, धर्म, जाति या पंथ के आधार पर कोई पक्षपात नहीं करती है। सरकार का मकसद राज्य को आगे ले जाना है। यह घटना दुखद है, ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव आ रहे हैं ऐसे में विपक्ष इसे तिल का ताड़ बनाने की कोशिश कर रहा है।
नफरती टीचर को गिरफ्तार करो: सुभाषिनी अली
फासीवादी विचारधारा ने नफरत को यहां तक पहुंचा दिया है कि अब मानवता का पाठ पढ़ाने वाले शिक्षक भी दिमागी रूप से दीवालिए और सांप्रदायिक होते जा रहे हैं कि बच्चों के मन में कूट-कूट कर नफरत भर रहे हैं। यही वजह है कि खतौली के खुब्बापुर गांव की एक टीचर हिंदु छात्रों से मुस्लिम बच्चे को यह कह कर पिटवा रही है - जोर मारो इसको। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की पोलित ब्यूरो सदस्य कॉमरेड सुभाषिनी अली ने उक्त बयान जारी कर इस टीचर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मामले में नहीं होनी चाहिए राजनीति : अग्रवाल
कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि नादान बच्चों के मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए। शिक्षिका की गलती है। पुलिस-प्रशासन जांच कर रहा है। मामले को तूल देना गलत है।
राहुल गांधी बोले-ये भाजपा का फैलाया हुआ कैरोसिन
वहीं राहुल गांधी ने इस मामले पर एक्स यानी पूर्व ट्वीटर पर लिखा कि मासूम बच्चों के मन में भेदभाव का जहर घोलना, स्कूल जैसे पवित्र स्थान को नफरत का बाजार बनाना - एक शिक्षक देश के लिए इससे बुरा कुछ नहीं कर सकता। उन्होंने आगे लिखा कि ये भाजपा का फैलाया वही केरोसिन है जिसने भारत के कोने-कोने में आग लगा रखी है। बच्चे भारत का भविष्य हैं - उनको नफरत नहीं, हम सबको मिल कर मोहब्बत सिखानी है।
मामले का राजनीतिकरण कर रहा विपक्ष : संजीव बालियान
केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि सहानुभूति बच्चे के साथ है। लेकिन कुछ लोग जाति और धर्म का रूप देने में लगे हैं। मामले का राजनीतिकरण किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसा नहीं होने दिया जाएगा।