मुजफ्फरनगर। जन सेवा केंद्र के संचालक से 25 हजार 500 रुपये ठगने वाले सिखेड़ा थाने के गांव बहादरपुर निवासी बीए फाइनल के छात्र आलोक को नई मंडी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सीसीटीवी की मदद से पहचान करने के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की। आरोपी ने ओएलएक्स पर वॉशर मशीन बेचने का विज्ञापन डालकर ठगी की थी।
दो दिन पहले शेरनगर निवासी जन सेवा केंद्र के संचालक शुभम ने पुलिस बताया कि उसके पास 26 जुलाई को एक युवक आया था। उसने कहा था कि उसकी मां बीमार है। उसका भाई उसे 25 हजार 500 रुपये भेज रहा है। वह उसे अपना बार कोड दे दे। जन सेवा केंद्र संचालक ने अपना बार कोड दे दिया जिस पर रुपये जमा करा दिए गए। बार कोड में रुपये आने के बाद युवक जन सेवा केंद्र संचालक का कमीशन देकर बाकी के रुपये लेकर चला गया।
नई मंडी कोतवाली में तैनात विवेचक गजेंद्र सिंह ने बताया कि जन सेवा केंद्र संचालक की रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी की मदद से आरोपी की पहचान कर उसके बारे में जानकारी की। गिरफ्तार करने पर आरोपी ने बताया कि उसने अपने चचेरे भाई के मोबाइल की मदद से मशीन बेचने का ओएलएक्स पर विज्ञापन डाला था।