गिरफ्तारी के वक्त छात्र ने एक सोने की चेन निगल ली थी
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शहर निवासी शिक्षिका के घर से लाखों रुपये के गहने चोरी के आरोपी छात्र को पुलिस ने मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। गिरफ्तारी के वक्त छात्र ने एक सोने की चेन निगल ली थी। चिकित्सकों ने उसे उपचार दिलाने की सलाह दी थी। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
मिमलाना रोड पर भाटिया कॉलोनी निवासी शिक्षिका लक्ष्मी देवी के घर से कई लाख के जेवर 10 फरवरी को चोरी कर लिए गए थे। शहर कोतवाली पुलिस ने जेवर चोरी बरामद कर शिक्षिका के घर के पास ही रहने वाले एमबीबीएस के छात्र रोहन और बीफार्मा के छात्र अमित को गिरफ्तार किया था। रोहन ने एक सोने की चेन निगल ली थी, जो एक्स-रे में उसके पेट में नजर आई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया था, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा था। रोहन को डॉक्टरों ने मेडिकल उपचार दिलाने की सलाह दी थी। इसके चलते कोर्ट के आदेश पर रोहन को मेरठ मेडिकल में भर्ती कराया गया है। पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।