देवबंद। शासन के निर्देश पर बृहस्पतिवार को गन्ना विकास परिषद और त्रिवेणी चीनी मिल द्वारा संयुक्त रूप से पराली जागरूकता रैली निकाली गई। जिसमें किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए चेताया कि पराली जलाने पर जुर्माना और जेल दोनों हो सकते हैं।
जागरूकता रैली सहकारी गन्ना समिति परिसर से शुरू होकर रेलवे रोड, चीनी मिल केन यार्ड होते हुए अंबेहटा शेखां, कुलसत, झबीरण, लखनौती, कुरड़ी, भायला, साखन कलां, साखन खुर्द, बास्तम, सुल्तानपुर और करंजाली होकर वापस गन्ना समिति पहुंची। रैली के माध्यम से गन्ना विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने किसानों को धान की पराली और गन्ने की पत्ती नहीं जलाने तथा फसल अवशेष प्रबंधन की तकनीक अपनाकर खाद बनाने का संदेश दिया। जिससे कि पर्यावरण प्रदूषण से बचाव हो सके। साथ ही मिट्टी की उर्वरा शक्ति भी बनी रहे। किसानों को अवगत कराया कि पराली जलाना कानूनन अपराध है, जिस पर जुर्माना एवं कारावास की कार्रवाई हो सकती है। रैली में ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अभय कुमार ओझा, विशेष सचिव प्रेमचंद चौरसिया, त्रिवेणी चीनी मिल के सहायक गन्ना प्रबंधक बी. एस. तोमर समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।