बुढ़ाना। तेज आंधी और तूफान के कारण बीते दो दिन से क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था चौपट हो गई। विद्युत आपूर्ति चालू करवाने की मांग को लेकर बिटावदा व मिंड़काली गांव के ग्रामीणों ने देर रात बुढ़ाना-बड़ौत मार्ग पर जाम लगा दिया। इसके बाद दोनों गांवों के बिजलीघर को कुरथल गांव के बिजली घर से जोड़कर विद्युत आपूर्ति चालू की गई।
दो दिन से बिजली न होने से परेशान बिटावदा व मिंड़काली गांव के ग्रामीण शुक्रवार को देर रात सड़क पर आ गए। उन्होंने सड़क पर जाम लगा दिया। घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान मिंड़काली गांव के ग्रामीणों ने अपने ही गांव के विद्युत निगम के एमडी प्रमोद डबास को स्थिति से अवगत कराया। विद्युत निगम के एमडी का फोन आते ही स्थानीय अधिकारियों ने आनन फानन में मिंड़काली व बिटावदा गांव के बिजलीघर को कुरथल गांव के बिजली घर से जोड़ दिया तथा विद्युत आपूर्ति चालू की। लाइन खराब होने के कारण विद्युत आपूर्ति चालू करने के लिए केवल टाउन को आपूर्ति दी गई।
एक्सईएन अजीत सिंह यादव ने बताया कि व्यवस्था सही होते ही दोनों गांवों के बिजली घर को जौला के बिजली घर से जोड़ दिया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन पर जाम खोला गया। इस मौके पर सुधीर, प्रदीप, मंगलू, दुष्यंत, सतपाल व विनोद आदि मौजूद रहे। संवाद