पुरकाजी। पुलिस ने भाजपा नेता की तहरीर पर पुरकाजी ब्लॉक प्रमुख के पति धन प्रकाश के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने जांच शुरू की है। खंड विकास कार्यालय पर ब्लॉक प्रमुख के पति के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
थाना क्षेत्र के गांव नूरनगर निवासी भाजपा नेता मनोज चौहान ने रविवार को थाने पर तहरीर देकर पुरकाजी ब्लॉक प्रमुख के पति धन प्रकाश पर फोन पर गाली-गलौज कर धमकी देने का आरोप लगाया था।
सोमवार को भाजपा नेता दर्जनों लोगों के साथ थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। उसके उपरांत सभी लोग खंड विकास कार्यालय पहुंचे और ब्लॉक प्रमुख के पति के खिलाफ नारेबाजी की।
भाजपा नेता ने बताया कि गत 3 दिसंबर को खंड विकास कार्यालय में कंबल वितरण का सरकारी कार्यक्रम था। इसमें कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार को पहुंचना था। खंड विकास कार्यालय के सक्षम अधिकारी को कार्यक्रम की जानकारी देकर व्यवस्था बनाने के लिए जानकारी दी गई थी।
भाजपा नेता का आरोप है कि रविवार को उन्हें फोन करके ब्लॉक प्रमुख के पति ने कहा कि उन्होंने फोन करके ब्लॉक के अधिकारियों को व्यवस्था बनाने के लिए क्यों कहा। इसके बाद गाली गलौज कर देख लेने की धमकी दी गई। थाना पुलिस ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख के पति के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा नेता के साथ जिला पंचायत सदस्य गोविंद कुमार, प्रदीप गुर्जर, अनिल गौतम, धीर सिंह गुर्जर, सतीश गुर्जर, प्रमोद गुर्जर, दिलीप, सोनू कुमार, नरेश गुर्जर, राजेंद्र पांचली, बिजेंद्र सिंह व अन्य लोग मौजूद रहे।
उधर, ब्लॉक प्रमुख के पति का कहना है कि कैबिनेट मंत्री के दबाव में रिपोर्ट दर्ज की है। मंत्री उनकी पत्नी को क्षेत्र में विकास कार्य करने नहीं दे रहे हैं। उनके मकान व इनकम टैक्स में जांच करा रहे हैं। गाली-गलौज की वीडियो दिखाई जा रही है। वह वीडियो उनकी नहीं है। किसी एप से लोड की गई है।