चरथावल। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि किसान संगठित होकर अपने हितों की रक्षा करें। किसानों की समस्या संबंधी 13 सूत्रीय सीएम के नाम एसडीएम सदर कुमार धर्मेंद्र को दिया। सरकार से एनसीआर क्षेत्र में 10 साल पुराने डीजल के वाहनों पर पाबंदी के फरमान को वापस लेने की मांग की।
कुल्हेड़ी गांव में आयोजित पंचायत में राकेश टिकैत ने कहा कि एनसीआर क्षेत्र में डीजल के 10 साल पुराने वाहनों पर पाबंदी से किसान बर्बाद हो जाएगा। खुद उनके पिता चौधरी महेंद्र टिकैत का ट्रैक्टर आज भी सही हालत में है। इसी तरह किसानों पर बड़ी तादाद में 20 साल से पुराने ट्रैक्टर है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को दिल्ली में 13 मार्च को होने वाली महापंचायत में प्रमुखता से उठाया जाएगा।
केंद्र में बैठे कृषि मंत्री नाम के मंत्री हैं। ग्रामीण विवादों का निपटारा गांव में करें, ताकि थानों आदि के अनावश्यक खर्चे से बचा जा सके। बुजुर्ग युवाओं को खेत पर जरूर भेजें। यदि मिलों ने हठधमर्तिा दिखाई, तो किसान धर्मकांटे पर तौल बंद कर डीएम के कार्यालय में डाल दिया जाएगा।
कुल्हेड़ी में तैयार अस्पताल में चिकित्सकों की तैनाती, स्वामी नाथन रिपोर्ट लागू करने, आलू का समर्थन मूल्य 1200 रुपये क्विंटल करने, नलकूप कनेक्शन पर सामान्य सब्सिडी बढ़ाने, नहरों से टेल तक पानी पहुंचाने, बढ़ी बिजली दरें वापस करने, किसान द्वारा पैदावार किए जाने वाले पोपलर, शागोन, यूकेलिप्टिस पर मंडी शुल्क हटाने समेत 13 मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपा गया। ब्लॉक अध्यक्ष विकास शर्मा, ग्राम अध्यक्ष सलीम, चरथावल अध्यक्ष अभिषेक बंसल, शीलू त्यागी, सचिन त्यागी, सदर ब्लॉक अध्यक्ष अंकित चौधरी, पिंटू रोहाना, पवन त्यागी रोहाना, राजेंद्र भगत अकबरगढ़ मौजूद रहे।