प्राथमिक उपचार के बाद एक महिला को रेफर किया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। मोहल्ला नई आबादी में दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद पथराव हो गया। इसमें दोनों पक्षों से आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया। प्राथमिक उपचार के बाद एक महिला को रेफर किया गया है।
नई आबादी निवासी अनवार और बिट्टू किसी बात पर अपने पड़ोसी साजिद और उसके परिवार के साथ मारपीट कर रहा था। इसी दौरान साजिद की पुत्री पड़ोसी आसिफ के घर पहुंच गई और अपने परिवार के लोगों को बचाने की गुहार लगाई। इस पर आसिफ आदि ने मौके पर पहुंच कर अनवार आदि को समझाने का प्रयास किया।
आरोप है कि अनवार ने उनके साथ भी गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरु कर दी। इस दौरान दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। पथराव हो गया। मारपीट में एक पक्ष से सुभान, अक्सा, अनवार, अनीस, जबकि दूसरे पक्ष से आसिफ, नूरनिशा, गुलशाना, नफीस घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने गुलशाना को रेफर कर दिया। इस मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस कार्रवाई में जुटी है।