मुजफ्फरनगर। स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय में मरीजों के सामने मुश्किल खड़ी हो रही है। बहुत से मरीजों को सीटी स्कैन के लिए तीन से चार दिन का इंतजार करना पड़ रहा है। पेट में दर्द से कराह रही मरीज ओपीडी में चिकित्सक से परामर्श लेकर सीटी स्कैन के लिए पहुंची तो उसे चार दिन बाद आने के लिए कहकर वापस कर दिया गया।
जिला चिकित्सालय में करीब पांच वर्ष पूर्व पीपीपी मॉडल पर निशुल्क सीटी स्कैन की सुविधा शुरू की गई थी। चिकित्सालय में प्रतिदिन औसतन 40 से 50 सीटी स्कैन जांच की जाती हैं। जबकि दर्जनों मरीजों को बिना सीटी स्कैन ही वापस लौटना पड़ता है।
हालांकि अस्पताल प्रशासन की ओर से निर्देशित किया गया है कि किसी भी मरीज को बिना सीटी स्कैन लौटाया न जाए। बावजूद आधे से अधिक मरीजों को तीन से चार दिन का समय देकर वापस भेज दिया जाता है।
पेट में तेज दर्द, लेकिन सीटी स्कैन से किया मना
लद्धावाला निवासी शन्नो ने बताया कि उसे कई दिन से पेट में दर्द चल रहा है। ओपीडी में चिकित्सक को दिखाया तो उन्होंने तुरंत सीटी स्कैन के लिए लिख दिया। शन्नो ने बताया कि वह सीटी स्कैन के लिए गई तो उसे चार दिन बाद आने के लिए कहा गया।
-
पेट में सूजन के बावजूद तीन दिन बाद आने को कहा
रामपुरी निवासी सतपाल कश्यप ने बताया कि उसके पेट में सूजन है। पेशाब भी बार-बार आ रहा है। चिकित्सक डॉ.चारू ढ़ल ने सीटी स्कैन के लिए लिखा था। लेकिन उसे तीन दिन बाद आने के लिए कहा गया।
-
तीन दिन में सीटी स्कैन, दो दिन बाद मिली रिपोर्ट
रोगी बबली ने बताया कि उसे पेट में दिक्कत है। चिकित्सक के परामर्श के बावजूद सीटी स्कैन के लिए उसे तीन दिन इंतजार करना पड़ा था। जबकि रिपोर्ट के लिए उसे दो दिन बाद आने के लिए कहा गया। रविवार की छुट्टी होने के कारण सोमवार को उसे रिपोर्ट मिल सकी।
वर्जन
सीटी स्कैन दिन के दिन करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि उसमें समय लगने की शिकायत सामने आ रही है तो मामले में जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। - डॉ.भुजवीर सिंह, सीएमएस