विद्यार्थियों के लिए स्टेशनरी की दुकानें खुलेंगी
मुजफ्फरनगर। जिला प्रशासन ने सुबह के समय स्टेशनरी की दुकानें खोलने का निर्णय लिया है। सुबह छह से नौ बजे तक ये दुकानें खुलेगी। उधर, जनपद में दिहाड़ी मजदूरों के चयन का काम तेजी से चल रहा है। अब तक 31, 906 के खाते में एक-एक हजार की रकम जा चुकी है।
जिला पंचायत सभागार में पत्रकारों से वार्ता में एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि अधिकतर स्कूल बच्चों की ऑनलाइन पढा़ई करा रहे हैं। छात्र-छात्राओं को कॉपी-किताब, पेंसिल आदि में कोई परेशानी न हो इसके लिए प्रशासन ने स्टेशनरी की दुकानें सुबह छह से नौ बजे तक खोलने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन आम जनता को धीरे-धीरे राहत देने में लगा है। जिले के जो बच्चे कोटा में फंसे हैं सरकार उन्हें भी लाने का इंतजाम कर रही है। इसके लिए आगरा से दो सौ बसे कोटा गई हैं। यहां के स्टूडेंट भी सरकार के प्रयास से अपने घरों पर वापस आ जाएंगे। एडीएम वित्त आलोक कुमार ने बताया कि जिले में अब तक 31906 ऐसे दिहाड़ी मजदूरों को चिह्नित किया गया है, इन सभी के खाते में एक हजार प्रति व्यक्ति के हिसाब से तीन करोड़ 19 लाख छह हजार रुपये खाते में डाले गए हैं। जिले में 67 प्रतिशत कार्ड धारकों को राशन का वितरण हो चुका है। सीएमओ डॉ प्रवीण चोपड़ा ने बताया कि जिले में अब तक 262 सेंपल टेस्ट हुए हैं। इनमें पांच की रिपोर्ट पॉजीटिव बाकी सबकी नेगेटिव आई है।