राज्य पिछड़ा आयोग के सदस्य भी संक्रमित मिले
मुजफ्फरनगर। सोमवार को जिले में 61 लोग संक्रमित मिले। राज्य पिछड़ा आयोग के सदस्य जगदीश पांचाल भी संक्रमित मिले। उन्हें घर में ही आइसोलेट किया गया है।
एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार ने बताया कि सोमवार को 61 मरीज नए मिले हैं, जबकि 27 मरीज ठीक होकर घर गए है। अब तक 1403 मरीज ठीक हो चुके हैं। 2112 मरीज कोरोना के हुए हैं, जिनमें से 681 एक्टिव है। रैपिड एंटीजन टेस्ट में अधिक लोग संक्रमित मिल रहे हैं। बिटावदा में आठ, काकड़ा में तीन, चौकडा में दो, रतनपुरी में एक, मिल मंसूरपुर में दो, चितौड़ा में दो, शुकतीर्थ में दो, गांधीनगर में पांच, खादर तिराहे में एक, गांधी कालोनी में तीन, सिविल लाइन में तीन, मिका विहार में दो मरीज मिले हैं। इनके अलावा कंबल वाला बाग, हनुमान चौक, जानसठ रोड, महावीर चौक, द्वारिकापुरी, प्रेमपुरी, श्रीराम गर्ल्स हास्टल, रेलवे रोड, सुभाषनगर, मोहल्ला आबकारी, रामलीला टिल्ला, खालापार, गंगा विहार, बचन सिंह कालोनी, नया बांस, आनंदपुरी में भी मरीज मिले है।
कोविड सेंटर में लग रही भीड़
मुजफ्फरनगर। जिला चिकित्सालय के अलावा शहर में कलक्ट्रेट और महावीर चौक पर कोविड जांच के सेंटर खोले गए हैं, जहां पर कोरोना की जांच कराई जा रही है। इन स्थानों पर रैपिड एंटीजन जांच के लिए लोगों की भीड़ लग रही है। इसके अलावा मोबाइल वैन भी गली मोहल्लों में भेजी जा रही है। जांच अधिक करने पर ही केस भी ज्यादा मिल रहे है।
बाजार खुले, जाम लगा
मुजफ्फरनगर। दो दिन के साप्ताहिक लॉकडाउन के बाद सोमवार को बाजार खुले तो भारी भीड़ रही। लोग भीड़ में सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं कर रहे हैं। भीड़ के कारण शिव चौक, भगत सिंह रोड, झांसी रानी चौक, मीनाक्षी चौक पर जाम की स्थिति बनी रही। जाम में फंसने के कारण राहगीर और नागरिक परेशान रहे।