मुजफ्फरनगर। एसएसपी विनीत जायसवाल ने पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में कानून व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर शनिवार की रात अपराध समीक्षा गोष्ठी की। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। नशा तस्करों के खिलाफ भी अभियान चलाने के निर्देश दिए।
सर्वप्रथम मोहर्रम, नागपंचमी, रक्षाबंधन आदि त्योहारों पर सुरक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। शराब, खनन, पशु, वन भूमाफिया आदि के बारे में जानकारी और उनके विरुद्ध पंजीकृत मुकदमों की स्थिति की समीक्षा की। संपत्ति जब्तीकरण के आदेश दिए। टॉप-10 अपराधियों पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए कहा। महिला संबंधी और पॉक्सो एक्ट के अपराधी को सजा कराने को प्राथमिकता दें। एंटी रोमियो टीम गांव प्रधान आदि के सहयोग से स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान आदि में पहुंचकर वूमन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181 सहित सभी हेल्पालाइन के बारे में जानकारी दें। पुलिस आगंतुकों, फरियादियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों के साथ शालीन व्यवहार करें। समस्याओं का निष्पक्षतापूर्वक समाधान कराएं। डायल -112 की पेट्रोलिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए निर्देशित किया।
एसएसपी ने जुआ, सट्टा व मादक पदार्थ की बिक्री आदि संगठित अपराधों पर पूर्णत: रोक लगाने के लिए अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय, एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव, एसपी यातायात कुलदीप कुमार, सीओ सिटी कुलदीप सिंह, सीओ मंडी हिमांशु गौरव, सीओ सदर हेमंत कुमार, सीओ जानसठ शकील अहमद, सीओ खतौली राकेश कुमार, सीओ बुढ़ाना विनय गौतम, सीओ फुुगाना हरीश चंद, प्रभारी एलआईयू आकाश सक्सेना, एसओजी प्रभारी राजकुमार शर्मा और जनपद के सभी थाना और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।