देवबंद। लखनऊ में आयोजित इंडियन स्पोर्ट्स नेशनल गेम्स 2022 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सर्वोदय ज्ञान पब्लिक स्कूल के छात्रों लविश चौधरी, हारून अली, मानवी त्यागी व नकुल चौधरी को स्कूल प्रबंधन द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
शनिवार को लखनऊ से देवबंद लौटे खिलाड़ियों के लिए सर्वोदय ज्ञान पब्लिक स्कूल में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य रूपेश सैनी ने बताया कि इंडियन स्पोर्ट्स नेशनल एसोसिएशन द्वारा गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ में 28-29 दिसंबर को इंडियन स्पोर्ट्स नेशनल गेम्स का आयोजन किया गया था। जिसमें उनके स्कूल के छात्रों ने उत्तर प्रदेश की ओर से चयनित होकर कबड्डी में अपने खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अंडर-14 में लविश चौधरी व हारुन अली तथा अंडर-17 में मानवी त्यागी व नकुल चौधरी ने प्रतिभाग कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। संरक्षक हरि सिंह सैनी व कोच संदीप धीमान ने छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य का कामना की। उन्होंने कहा कि कबड्डी भारत का राष्ट्रीय खेल है, लेकिन आधुनिक युग के छात्र इसे भूलकर दूसरे खेलों में अपना भविष्य तलाश रहे हैं। आज कबड्डी के माध्यम से भी छात्र विश्व में अपना पहचान बना सकते हैं। इस मौके पर शिवकुमार सैनी, अनिता सैनी, ध्रुव व वंदना आदि मौजूद रहे।