मुजफ्फरनगर नगरपालिका परिषद में अध्यक्ष पद के पांच प्रत्याशियों और 50 सभासद पद के लिए 410 प्रत्याशियों ने ताल ठोकी है। अध्यक्ष पद के सभी उम्मीदवार पार्टी के चुनाव चिह्न पर मैदान में हैं। इस बार सभी दलों के लिए चुनाव प्रतिष्ठा से जुड़ गया है।
शनिवार को पालिकाध्यक्ष और सभासद के सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए गए। चिह्न आवंटन के कारण कलक्ट्रेट में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भीड़ रही। शाम तक चुनाव चिह्न आवंटन का कार्य चलता रहा। शहर में अध्यक्ष पद पर पांच प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। इनमें भाजपा की सुधाराज शर्मा को कमल का फूल, कांग्रेस की अंजू अग्रवाल को हाथ का पंजा, बसपा की मुदस्सिर रहमान को हाथी, सपा की मिथलेश पाल को साइकिल और रालोद की शबनम परवीन को हैंडपंप चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है। नगर पालिका के 50 वार्डों के लिए 410 प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है। वार्ड एक में चार प्रत्याशी मैदान में हैं।
वार्ड दो से सात, वार्ड तीन से तीन, वार्ड चार से 14, वार्ड पांच से 15, वार्ड छह से 11, वार्ड सात से पांच, वार्ड आठ से 14, वार्ड नौ से चार, वार्ड दस से दो, वार्ड 11 से 11, वार्ड 12 से चार, वार्ड 13 से पांच, वार्ड 14 से छह, वार्ड 15 से 12, वार्ड 16 से छह, वार्ड 17 से 16, वार्ड 18 से छह, वार्ड 19 से आठ, वार्ड 20 से चार, वार्ड 21 से दस, वार्ड 22 से 12, वार्ड 23 से नौ, वार्ड 24 से सात, वार्ड 25 से चार, वार्ड 26 से 13, वार्ड 27 से पांच, वार्ड 28 से 11, वार्ड 29 से चार, वार्ड 30 से नौ, वार्ड 31 से नौ, वार्ड 32 से सात, वार्ड 33 से छह, वार्ड 34 से छह, वार्ड 35 से दस, वार्ड 36 से 13, वार्ड 37 से 15, वार्ड 38 से आठ, वार्ड 39 से सात, वार्ड 40 से 12, वार्ड 41 से दस, वार्ड 42 से छह, वार्ड 43 से सात, वार्ड 44 से पांच, वार्ड 45 से 21, वार्ड 46 से 12, वार्ड 47 से 11, वार्ड 48 से छह, वार्ड 49 से 11, वार्ड 50 से सात प्रत्याशी मैदान में हैं, इन सभी को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए हैं।
वार्ड दस में दो, वार्ड 45 में 21 प्रत्याशी
मुजफ्फरनगर। शहर के वार्ड दस में केवल दो प्रत्याशी आमने-सामने हैं। यह अकेला वार्ड है, जिसमें केवल दो ही प्रत्याशी हैं। वार्ड तीन ऐसा वार्ड है, जिसमें तीन प्रत्याशी हैं। बाकी सभी वार्डों में प्रत्याशियों की संख्या अधिक है। सबसे ज्यादा 21 प्रत्याशी वार्ड 45 में हैं।
कार्यालय खुले प्रचार शुरू
मुजफ्फरनगर। चुनाव चिह्न आवंटित होते ही राजनीतिक दलों ने अपने कार्यालय खोलने शुरू कर दिए हैं। भाजपा और कांग्रेस ने प्रकाश चौक पर अपने मुख्य कार्यालय खोल दिए हैं। सपा और बसपा भी कार्यालय खोल रही है। इसके अलावा वार्ड प्रत्याशियों ने भी अपने वार्डों में कार्यालय खोलने शुरू कर दिए हैं।