बसेड़ा में एचटी लाइन से निकली चिंगारी, ईख जली
छपार। गांव बसेड़ा निवासी किसान आखानंदी के खेत के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के तार जा रहे हैं। किसान के अनुसार लाइन के तार जर्जर होकर काफी नीचे लटके हुए हैं। शनिवार सुबह अचानक जर्जर तारों में फाल्ट हो गया, जिससे निकली चिंगारी खेत में ईंख की फसल गिर गई और उसमें आग लग गई। आग की लपटों ने आखानंदी के साथ ही उसके पड़ोसी सतेंद्र कुमार, उपेंद्र कुमार एवं ईसम सिंह के खेतों में ईंख की फसल को भी चपेट में ले लिया। लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लगभग 15 बीघा ईख जलकर नष्ट हो चुकी थी। पीड़ित किसानों का आरोप है कि जर्जर तारों की कई बार विभागीय अफसरों से शिकायत की जा चुकी थी, लेकिन तार बदलवाने की कोई कार्रवाई नहीं की गई। किसानों ने बसेड़ा उपकेंद्र के अवर अभियंता हरिराम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।