- सुहेल देव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विपक्ष पर साधा निशाना
- गांव परई में आयोजित किसान-मजदूर सम्मेलन में पहुंचे ओमप्रकाश राजभर
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
छपार (मुजफ्फरनगर)। सुहेल देव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सपा, बसपा कांग्रेस को वोट दिया, लेकिन बदले में उन्होंने देश-प्रदेश को नफरत दी। अल्पसंख्यक सरकारी नौकरी में 38 प्रतिशत से एक प्रतिशत ही रह गए हैं। उन्होंने दावा किया कि गन्ना मूल्य 16 जनवरी तक घोषित किया जाएगा।
गांव परई में बृहस्पतिवार को किसान-मजदूर सम्मेलन आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि जनता को पता नहीं है कि प्रदेश में प्रत्येक विधायक को 25 लाख रुपये गरीबों के इलाज के लिए मिलते हैं, कोई बताए किसी विधायक ने किसी गरीब का इलाज कराया है क्या। उन्होंने कहा कि किसी गरीब ने किसी भी नर्सिंग-होम में इलाज कराया है तो उसके डाॅक्टर से पर्चा बनवाकर उनके किसी भी पदाधिकारी को दें, वह सारा खर्च उठाएंगे।
उन्होंने कहा कि देश में रोजगारपरक शिक्षा होनी चाहिए। कक्षा चार से तकनीकी शिक्षा हो, जिससे पढ़कर अपना रोजगार कर सकें। किसानों को बताया कि गन्ने का मूल्य 16 जनवरी तक घोषित किया जाएगा। बिजली के बारे में कहा कि प्रदेश में बिजली मुफ्त होनी चाहिए। रोहिणी आयोग के बारे में बताया कि जिन जातियों को आरक्षण नहीं मिला है, उन्हें 27 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह, रामपाल मांडी, धर्मवीर सिंह, उस्मान राव, मोहम्मद बाबर गाजी, मोहम्मद अकरम, ब्रजवीर सिंह, ऋषिपाल, हरीश, विभोर शर्मा, ओमपाल सिंह, मास्टर धर्मपाल सिंह आदि मौजूद रहे। परई गांव में आयोजित कार्यक्रम में कलाकार राहुल बालियान ने रागनियां सुनाकर भीड़ को मंत्र मुग्ध कर दिया।