संवाद न्यूज एजेंसी
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। सोलानी नदी की बाढ़ से गांव झबरपुर और शेरपुर के बीच चार जगह से मिट्टी बह जाने से पुरकाजी-लक्सर मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से बंद हो गया। खादर क्षेत्र में रिश्तेदारी में आए कुछ लोग व बाहरी क्षेत्रों में गए खादर क्षेत्र के लोग जान जोखिम में डालकर पानी से गुजरकर अपने घरों तक पहुंचे।
शेरपुर, बढ़ीवाला, भैंसली वाला, रामनगर, रजकल्ला पुर, रतन पुरी, धुममनपुरी, शेरपुर नगला, पांचली, भदौला गांवों के रास्तों पर कई फीट तक पानी भर जाने व पानी का बहाव ज्यादा होने के कारण ग्रामीणों की आवाजाही बंद हो गई। डीएम अरविंद मल्लपा बंगारी ने अधिकारियों की टीम के साथ ट्रैक्टर पर बैठकर क्षेत्र का दौरा किया। शाम के समय राष्ट्रीय आपदा मोशन टीम भी मौके पर पहुंच गई।
पानी चढ़ते ही खादर छोड़ आया रियासत
पुरकाजी। भैंसली वाला के रियासत ने बताया कि गांव में पानी बहुत ज्यादा आ गया है। इसलिए वह अपने बच्चों व पशुओं को भोपा क्षेत्र के गांव खुशीपुरा में भेज रहा है। पानी कम होने के बाद वापस लौटेंगे।
फंस गए मेहमान, पानी से होकर गुजरे
पुरकाजी। गांव चानचक निवासी टेकचंद ने बताया कि उसके भाई की मौत हो गईं थी। बुधवार को तेरहवीं थी, जिसमें मेहमान आये थे। बुधवार को पानी ज्यादा आ जाने पर वापस नहीं लौट पाए। पानी कम होने की संभावना नजर नहीं आने पर बृहस्पतिवारे को पानी से ही गुजरकर उन्हें पुरकाजी तक छोड़कर आना पड़ा।