पुरकाजी के खादर क्षेत्र में नाव में बैठकर सोलानी नदी पार करते ग्रामीण
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
सोलानी नदी का जलस्तर घटा, ग्रामीणों में राहत
मुजफ्फरनगर, पुरकाजी। खादर क्षेत्र की सोलानी नदी का जलस्तर घटने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। हालांकि नदी में अभी भी करीब छह फुट पानी होने के कारण ग्रामीणों को नाव से ही नदी पार करनी पड़ रही है। पशुओं के लिए चारे की समस्या खड़ी है।
शनिवार को उत्तराखंड की पहाड़ियों से छोड़े गए पानी के कारण रविवार को खादर क्षेत्र की सोलानी नदी उफान पर आ गई थी। नदी का पानी आसपास के गांवों के रास्तों पर पहुंच गया था। नतीजतन रामनगर, रजगल्लापुर, खेड़की, भदौला, पांचली, धुममनपुरी आदि गांवों के ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया था। ग्रामीण जंगल नहीं पहुंच पा रहे थे। पशुओं को हरा चारा तक नहीं मिल पा रहा था। सोमवार को सोलानी नदी का जलस्तर कम होने के बाद ग्रामीणों ने राहत महसूस की। ग्रामीणों ने बताया कि सोलानी नदी में पानी कम तो हुआ है। मगर नदी में अभी भी पानी ज्यादा होने के कारण नाव में बैठकर ही नदी पार करनी पड़ रही है। पशुओं को कई दिनों से भूसा ही खिलाने को मजबूर हैं।