2 पुरकाजी के खादर क्षेत्र में सोलानी नदी में बहता पानी। स्रोत नाविक
पुरकाजी। उत्तराखंड से छोड़े गए पानी से खादर क्षेत्र की सोलानी नदी सोमवार को फिर उफना गई। पानी नदी से बाहर निकलकर गांवों के रास्तों पर भर गया। इससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया। खादर क्षेत्र के कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
खादर क्षेत्र में पिछले करीब सवा दो माह से उत्तराखंड से बार बार पानी छोड़ा जा रहा है। जिससे खादर क्षेत्र के कई गांव जलमग्न हो जाने से क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं । सोमवार को उत्तराखंड से छोड़े गए पानी से सोलानी नदी का जल स्तर काफी बढ़ गया।
पानी नदी से बाहर निकलकर गांव राम नगर, शेरपुर नगला, रतनपुरी आदि गांवों के जंगलों व खेतों और रास्तों पर भर जाने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया। डा गुलशन कुमार, पपींद्र गुर्जर, यादराम प्रजापति, राजू प्रजापति, साधुराम, अमित कुमार आदि ग्रामीणों का कहना है कि इस बार उत्तराखंड से ज्यादा पानी छोड़ा जा रहा है।
इससे क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2018 के बाद इस बार पानी ज्यादा छोड़ा जा रहा है।