शपथ ग्रहण समारोह में सोशल डिस्टेंसिंग का नहीं रहा ध्यान
मुजफ्फरनगर, खतौली। शासन द्वारा नामित किए गए पांच सभासदों का नगर पालिका में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया था। नामित सभासदों को एसडीएम खतौली इंद्राकांत द्विवेदी ने पद तथा गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग को दरकिनार कर दिया गया।
भाजपा के रामनारायण अरोरा, नरेश पांचाल, अजय गुप्ता, मनोज सैनी, मोहित जैन को शासन द्वारा सभासद नामित किया गया है। सोमवार को नामित किए गए सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। लेकिन शपथ लेने के दौरान सोश्सल डिस्टेंसिंग भूल गए। न सिर्फ सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाईं, काफी कार्यकर्ताओं ने मास्क भी नहीं लगाया। यही नहीं सभी ने एक दूसरे के गले लगकर बधाई दी, और नारेबाजी भी की। मामला यही समाप्त नहीं हुआ। शपथ ग्रहण समारोह के बाद भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डाक्टर सुधीर सैनी के जन्मदिन की बधाई केक काटकर दी गई। जबकि एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहे और सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को बार-बार लॉकडाउन के नियमों पालन करने की बात कहते रहे, लेकिन उनकी बात को नजरंदाज कर दिया गया। पुलिस प्रशासन की ओर से इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। यह मामला नगर में पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा।