शहर के झांसी रानी पार्क पर लगे जाम में फसे वाहन सवार।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
बाजार में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं
मुजफ्फरनगर। त्योहारी सीजन में बाजार में भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे कोविड-19 के बावजूद सोशल डिस्टेंसिंग की भी धज्जियां उड़ रहीं हैं। शहर की सड़कों पर दुकानें सजाए जाने के कारण जाम की समस्या भी विकराल हो गई है, जिससे लोग घंटों तक जूझने को मजबूर हैं।
प्रमुख पर्व दिवाली की उमंग कोविड-19 पर भारी पड़ रही है। त्योहार को लेकर जबरदस्त उत्साह के चलते बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। ज्वेलरी शॉप, रेडीमेड गारमेंट, सजावटी सामान, इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप व पेंट आदि की दुकानों पर जमकर खरीदारी की जा रही है। त्योहारी उमंग में कोविड-19 की नियमावली कहीं पीछे छूट गई है और कोरोना पॉजिटिव केस बढ़ने के बावजूद सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क लगाए जाने की अनिवार्यता को भी लोग भूल बैठे हैं। हालांकि प्रशासन द्वारा अति भीड़भाड़ वाले क्षेत्र भगतसिंह रोड व नई मंडी में ई-रिक्शाओं के साथ ही बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया है, लेकिन इसके बावजूद जाम की समस्या से लोगों को अगले तीन दिन निजात मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।