मुजफ्फरनगर में रेलवे स्टेशन पर सिर पर सामान रख कर जाती महिला यात्री।संवाद
मुजफ्फरनगर। मोदीनगर और मोहिउदीनपुर के बीच सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली रेलवे लाइन पर विकास कार्य किए जाने के कारण रेलवे का शुक्रवार को मेगा ब्लाक रहा। ब्लाॅक से पहले मुजफ्फरनगर से वंदे भारत सहित तीन ट्रेनें अपनी मंजिल के लिए रवाना हुई। उधर, दिल्ली की तरफ से आने वाली ट्रेनों के संचालन पर ब्लाक का कोई असर नहीं पड़ा।
रेलवे लाइन पर विकास कार्य शुक्रवार को ग्यारह बजकर दस मिनट से शुरू होकर यह कार्य 20 जून को दो बजकर 35 मिनट तक चलना हैं। लगभग 15 घंटे चलने वाले इस मेगा ब्लाक के कारण 19 जून शुक्रवार को शताब्दी एक्सप्रेस, जालंधर इंटरसिटी, मीमो एक्सप्रेस ट्रेन (छह ट्रेन) अप और डाउन में रद्द रही।
योग नगरी ऋषिकेश-लक्ष्मीबाई नगर एक्स्प्रेस, चंडीगढ़-मुदरई सुपर फास्ट एक्सप्रेस को मेरठ से वाया खुर्जा, हरिद्वार-दिल्ली एक्सप्रेस, कालका-दिल्ली एक्सप्रेस, हरिद्वार-बांद्रा टर्मिनल, योगा एक्सप्रेस ट्रेन को टपरी से वाया शामली निकाला गया। हरिद्वार-लोकमान्य तिलक टर्मिनल सुपर फास्ट एक्सप्रेस, ऊना-हिमाचल-इंदौर एक्सप्रेस ट्रेन को मेरठ से खुर्जा के रास्ते निकाला गया।
मेगा ब्लॉक के दौरान सहारनपुर से दिल्ली की तरफ जाने वाली रेलवे लाइनों पर विकास कार्य किया गया। इस कारण इस लाइन पर ट्रेनों का संचालन बंद रहा। दिल्ली से सहारनपुर व अन्य स्थानों को वाया मुजफ्फरनगर होकर जाने वाली ट्रेनों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा। इस दौरान यात्रियों का सामना करना पड़ा।
रेलवे स्टेशन अधीक्षक पवन चौधरी ने बताया कि विकास कार्य पूरा होने के बाद मेगा ब्लॉक समाप्त होगा। रद्द व आने वाली ट्रेनों के बारे में यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर लगे लाउड स्पीकर से लगातार जानकारी दी जा रही है।