मुजफ्फरनगर /खतौली। चोरों ने मंसूरपुर के बेगराजपुर ओवरब्रिज के पास से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (ई-डीएफसी) की सिग्नल लाइन के चार लाख रुपये कीमत के तार चोरी कर लिए। इससे पहले शहर कोतवाली क्षेत्र में इसी लाइन के तार चोरी कर लिए गए थे। तब दो चोर पकड़े गए थे। चोरों को पकड़ने के लिए सर्विलांस का सहारा लिया जा रहा है।
बिहार के सोन नगर से बुलंदशहर के कस्बा खुर्जा होते हुए पंजाब के साहनेवाल-लुधियाना तक ई-डीएफसी का ट्रैक बिछाया गया है। खुर्जा से साहनेवाल क्षेत्र तक माल गाड़ियों का संचालन मैनुअल तरीके से किया जा रहा है। यहां पर पिछले दो माह से माल गाड़ियों का संचालन शुरू हो गया था। बिहार, यूपी, पश्चिमी यूपी आदि क्षेत्रों में पंजाब-लुधियाना क्षेत्र में कच्चे व निर्मित माल की डिलीवरी आसान हो गई है। यहां पर तांबे के तार बिछा कर विद्युत व्यवस्था की गई है।
चोरों ने इसी लाइन पर शहर कोतवाली क्षेत्र में दस दिन पहले तार काट कर चोरी कर लिए थे। शहर कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को तार बरामद कर चालान किया था। अब बुधवार की रात बेगराजपुर स्थित ओवरब्रिज से पुल के पाइप के दोनों तरफ कट लगाकर 150-150 मीटर के टुकड़ों में लगभग चार लाख कीमत के तार चोरी कर लिएए जिससे सिग्नल प्रणाली प्रभावित हुई थी।
इस बारे में एलएनटी कंपनी के कर्मचारी रवि कुमार ने मंसूरपुर थाना पुलिस, ई-डीएफसी व आरपीएफ टीम को सूचना दी है।
डीएफसीसी आरपीएफ निरीक्षक नितिन मेहरा ने बताया कि चोरों को पकड़ने के लिए सर्विलांस का सहारा लिया जा रहा है। रेलवे लाइन पर गश्त बढ़ाई है।