परिजनों और ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया
संवाद न्यूज एजेंसी
रतनपुरी। मेला देखने गए दंपती के घर में शाॅर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। परिजनों और ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। इससे घर का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित ने घटना के संबंध में थाने पर तहरीर दी है।
जिला शामली के बाबरी थाना क्षेत्र के गांव हिरनवाड़ा निवासी नीटू अपनी पत्नी नीतू और दो बच्चों गणेश और निक्की के साथ रतनपुरी स्थित अपने ससुर रामकुमार पुत्र जोधा के मकान में रहता है। उसका घर गांव के बाहरी छोर पर स्थित है। बुधवार की रात नीटू घर का ताला बंद करके परिवार के साथ मनसा देवी मंदिर पर मेला देखने गया था। इसी बीच शॉर्ट सर्किट से घर में आग लग गई।
आसपास के लोग भी मेले में गए हुए थे। मेला देखकर नीटू वापस आया तो घर के अंदर से धुआं उठता देख उसने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई थी। नीटू ने बताया कि आग से सेफ, उसमें रखा सामान, डबल बेड, संदूक, लकड़ी की अलमारी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, एयर कंडीशनर, पंखे, एलईडी टीवी, कपड़े आदि सब जलकर राख हो गए। उसने पुलिस को तहरीर दी है।