सेनेटाइजर की कालाबाजारी रोकने के लिए दुकानों पर छापा
मुजफ्फरनगर। कोरोना वायरस फैलने के डर को भुनाते हुए दवा मार्केट में खुले बाजार में मास्क व सेनेटाइजर की किल्लत हो गई है। इसकी लगातार शिकायतें मिलने के बाद शनिवार को औषधि विभाग, स्वास्थ्य विभाग व नगरपालिका ने जिला परिषद मार्केट में कई दुकानों पर छापा मारे। औषधि विभाग के इंस्पेक्टर वैभव बब्बर ने बताया कि जिला परिषद में की गई छापा के दौरान टॉप सर्जिकल शॉप से डेढ़ सौ मास्क, भगवती सर्जिकल शॉप से पांच मास्क, अरोरा सर्जिकल शॉप से 30 सेनेटाइजर की बोतल और चीप सर्जिकल शॉप से एक सौ मास्क बरामद किए गए, जिनका कोई भी बिल संबंधित व्यापारी प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर उक्त सभी सामान जब्त करते हुए संबंधित व्यापारियों को क्रय बिल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि क्रय बिल प्रस्तुत नहीं किए गए तो व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों ने मास्क बनाकर किए वितरित
मीरापुर। कोरोना वायरस को लेकर कस्बे के सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल के बच्चों ने शनिवार को लोगों को जागरूक करते हुए अपने हाथों से बनाए गए मास्क नि:शुल्क वितरित किए। उप प्रधानाचार्या नीना पांडे ने बताया कि बच्चों ने स्कूल में अपने हाथों से इन मास्क को तैयार करने के बाद लोगों को वितरित कर कोरोना से नहीं डरने और सजग रहने के प्रति जागरूक किया।