- कांवड़ मार्गों पर देर रात तीन बजे तक एकत्र हो रहे हैं लोग
मुजफ्फरनगर। भगवान आशुतोष के रंगों से सजी झांकियां देखने के लिए श्रद्धालु दिन-रात कांवड़ मार्गों पर एकत्र हो रहे हैं। शहर के शिव चौक पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ता है। शाम होते ही यहां शहर और आसपास के गांवों के लोग झांकियां देखने पहुंच रहे हैं।
हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवडि़ये अपने-अपने क्षेत्र के शिवालयों की ओर बढ़ रहे हैं। कांवड़ यात्रा के स्वागत के लिए जिले के लोगों ने भंडारे खोल दिए हैं। पुरकाजी से ही दिन-रात सड़कों पर यात्रा देखने के लिए लोगों की भीड़ नजर आती है। मेरठ-रुड़की रोड के डिवाइडर के दोनों ओर देर रात तक श्रद्धालु डटे रहते हैं।
शामली रोड पर बुढ़ाना मोड तक मेले जैसा माहौल है। कांवडि़यों की झांकियों को कैमरे में कैद करने की होड़ लग रही है। सिर्फ शहर में ही नहीं, बल्कि देहात से गुजर रहे कांवड़ मार्ग पर देर रात श्रद्धालु कांवडि़यों की आवाभगत के लिए खड़े हो रहे हैं। शिव चौक पहुंचे रामपुरी के मनीष कुमार कहते हैं कि झांकियां मन को मोह रही है। लोग इस समय शिव की भक्ति में डूबे हुए हैं।
वाहनों पर सवार होकर पहुंच रहे कांवड़ देखने
शाहपुर। कांवड़ मार्गों से दूर के गांव के लोग भी निजी वाहनों पर सवार होकर कांवड़ मार्ग पर पहुंच रहे हैं। पीनना, जागाहेड़ी, बघरा, तितावी, धौलरा और लालूखेड़ी में रात के समय मेले जैसा माहौल बन रहा है। कपूरगढ़ की सरिता कहती हैं कि भगवान शिव की यात्रा आलौकिक है। श्रद्धा भाव से वह यात्रा देखने के लिए आई हैं।