पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता की विजेता शामली की टीम को ट्राफी देते एसपी संजीव सुमन। संवाद
- मैन आफ द मैच तरुण व तनु मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बाॅलर मनीष व बैट्समैन अमन रहे
संवाद न्यूज एजेसी
मुजफ्फरनगर। पुलिस की 25 वीं अंतर जनपदीय पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। इससे पहले शहर के चौधरी चरण सिंह स्टेडियम में गाजियाबाद व शामली की टीम में फाइनल के लिए रोमांचक मुकाबला हुआ। शामली की टीम ने गाजियाबाद की टीम को चार विकेट से हरा दिया और चल वैजयंती ट्राफी जीत ली।
अंतर जनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता (मेरठ जोन) यहां आठ से 12 दिसंबर तक चली। इस दौरान शहर के चौधरी चरण सिंह स्टेडियम और खतौली के अहलावत स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में मैच खेल गए। मंगलवार को फाइनल मैच चौधरी चरण सिंह स्टेडियम में गाजियाबाद व शामली की टीम के बीच हुआ। जो 20 ओवर का था। गाजियाबाद की टीम ने टाॅस जीता और पहले बल्लेबाजी की। निर्धारित ओवर में 120 रन बनाए। शिव कुमार, अमन, अवनीश और कुलदीप सिंह ने सर्वाधिक 20-20 रन बनाए।
इसके बाद शामली टीम के सलामी बल्लेबाज पहले ही ओवर से गाजियाबाद के गेंदबाजों पर भारी पड़ते नजर आए। शामली की टीम ने 15.1 ओवर में छह विकेट खोकर 121 रन बनाकर जीत का लक्ष्य पूरा कर लिया। शामली की टीम के मोंटी ने (34) और विनीत तालियान ने 21 रन बनाए। गाजियाबाद के गेंदबाज शिव कुमार ने तीन विकेट लिए। शामली की तरफ से तरुण भारद्वाज ने चार विकेट लिए और मैन आफ द मैच रहे।
एसएसपी ने दी ट्राॅफी
प्रतियोगिता का समापन करते हुए मुख्य अतिथि एसएसपी संजीव सुमन ने पिछले साल की विजेता गाजियाबाद की टीम को हराने वाली शामली की टीम को चल वैजयंती ट्राॅफी प्रदान की। मैन आफ द मैच तरुण भारद्वाज और शामली के ही तनु काकरान को मैन आफ द सीरीज की ट्राॅफी दी गई। बेस्ट बाॅलर का खिताब मुजफ्फरनगर के मनीष राणा और बेस्ट बैट्समैन का खिताब गाजियाबाद के अमन को दिया गया। विजेता टीम को एसएसपी और एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने सम्मानित किया। इस दौरान सभी पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।