महावीर चौक पर लगने वाले जाम के चलते प्रशासन गंभीर हो गया है। रोडवेज बस के यहां रुकने पर पूर्णत: पाबंदी लगाई गई है। डिपो से चलकर बस जानसठ ओवरब्रिज के नीचे बनाए गए अस्थायी बस स्टैंड से सवारी बैठाएंगी और यहीं पर उतारेंगी। पुल के नीचे से जीआईसी के गेट तक बस की खिड़की को बंद रखा जाएगा। डीएम ने इस बाबत एआरएम को आदेश जारी कर नियमों के पालन कराने को कहा है।
शहर में घुसते ही लोगों को जाम से झाम से दो चार होना पड़ता है। महावीर चौक पर मेरठ, बुढ़ाना, बड़ौत, शामली से आना वाला ट्रैफिक शहर में एंट्री करता है। साथ ही जानसठ, मोरना, रामराज और मीनाक्षी चौक पर आने के लिए भी यहीं से निकलना होता है। ऐसे में महावीर चौक पर काफी वाहन गुजरते हैं। ऊपर से रोडवेज बसों का भी अस्थायी स्टॉपेज महावीर चौक बना है। इससे हालात अधिक विकट हो जाते हैं। जाम की समस्या को देखते हुए डीएम दिनेश कुमार ने एआरएम बीपी अग्रवाल को आदेश जारी किए हैं। जिनमें कहा गया है कि रोडवेज डिपो की कोई बस महावीर चौक पर सवारी नहीं उतारेगी और न चढ़ाएगी।
नियमों का पालन न करने पर बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाए। जिसके चलते एआरएम बीपी अग्रवाल ने मामले में तत्काल कार्रवाई निर्देश जारी किए हैं। अब डिपो की बसे सवारियों को जानसठ ओवरब्रिज के नीचे बनाए गए अस्थायी बस स्टैंड पर ही उतारेंगी तथा यहीं से चढ़ाएंगी। पुल के नीचे से जीआईसी के गेट नंबर दो तक बस की खिड़की बंद रखकर बस का संचालन होगा। आनेजाने पर यह नियम लागू रहेगा।
इसका पालन न करने वाले चालक का लाइसेंस जब्त करने के साथ जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही परिचालक भी दंडित होगा। अनुशासन पटल प्रभारी अनुज त्यागी ने बसों के चालकों को इस बाबत निर्देश जारी कर डीएम के आदेश की कॉपी को बसों में चस्पा कराया है। एआरएम बीपी अग्रवाल ने बताया कि नियम बृहस्पतिवार से ही लागू कर दिया गया है। निगम की सभी बसें इसका पालन करेंगी। महावीर चौक पर लगने वाले जाम के चलते यह निर्णय हुआ है।