24 अप्रैल से लापता है कि गांव कम्हेड़ा निवासी अश्वनी, उसकी पत्नी हिना और बच्चा अभिनंदन
एक बच्चे शिवाय का शव रविवार को गंगनहर में बरामद हो गया था, पुलिस अन्य की कर रही तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। गांव कम्हेड़ा निवासी अश्वनी कुमार पाल, उसकी पत्नी हिना और बच्चे अभिनंदन के लापता होने की गुत्थी पुलिस सुलझा नहीं पा रही है। लापता हुए परिवार के एक बच्चे शिवाय का शव रविवार को गंगनहर में बरामद हो गया था। बाकी तीनों की तलाश के लिए सोमवार को गंगनहर में सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
24 अप्रैल को अश्वनी कुमार घर से पत्नी हिना और दो बच्चों अभिनंदन (2) व शिवाय (5) को लेकर आधार कार्ड बनवाने के लिए पुरकाजी आया था। थानाध्यक्ष ज्ञानेश्वर बौद्ध के अनुसार पुरकाजी में परिवार ने एक कॉस्मेटिक की दुकान से कुछ सामान खरीदा था। इसके बाद परिवार कहां-कहां गए, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। अश्वनी का मोबाइल भी उसी दिन से बंद हैं। रविवार को बालक शिवाय का शव भोपा क्षेत्र में गंगनहर में मिला था। अन्य परिजनों की तलाश में पुलिस टीमें लगी है।
बताया कि सोमवार को पुलिस ने गंगनहर में अन्य परिजनों की तलाश में पुलिस और गोताखोरों की टीम ने सर्च अभियान चलाया। मगर, कई घंटे के बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया।
इस बिंदु पर भी जांच कर रही पुलिस
थानाध्यक्ष ज्ञानेश्वर बौद्ध के मुताबिक, पुलिस का जानकारी मिली है कि अश्वनी उत्तराखंड के भगवानपुर में किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। वहां पर वह और एक युवती एक ही मकान में रह रहे थे। अश्वनी ने खुद को अविवाहित बताया हुआ था। पुलिस और परिजन युवती से मिलकर पूछताछ भी कर चुके हैं। मगर, कुछ पता नहीं चल सका।
परिजनों से की मुलाकात
पुरकाजी। भूमिहार ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने सोमवार को गांव कमहेड़ा पहुंचकर लापता परिवार के परिजनों से मिलकर मामले की जानकारी ली। उन्होंने डीएम और एसएसपी से फोन पर वार्ता कर लापता लोगों का जल्द से जल्द सुराग लगाने की मांग की। इस दौरान भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष मोनू प्रधान, जिला उपाध्यक्ष बिट्टू राठी , प्रधान विवेक राठी, प्रधान अमित चौधरी, प्रधान प्रदीप गुर्जर, मगन प्रधान, विपिन चौधरी आदि मौजूद रहे।