संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी है। पीड़िता के बयान दर्ज कराए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आरोपी डॉ. आदिल का अल्फा क्लीनिक सील कर दिया और चिकित्सकीय पंजीकरण निलंबित कर दिया है। एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।
शहर की एक कॉलोनी में रहने वाली किशोरी 17 अगस्त को संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। पीड़िता को पुलिस ने दो दिन पहले मीनाक्षी चौक के पास से तलाश लिया। पीड़िता ने पुलिस को बताया था कि उसके साथ इंटर कॉलेज में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात हुई।
पुलिस ने शुक्रवार रात मिमलाना रोड निवासी डॉ. आदिल और कंपाउंडर नाजिम को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। पीड़िता के बयानों के आधार पर तीसरे आरोपी की तलाश चल रही है। विवेचक विक्रांत कुमार ने बताया कि पीड़िता के कोर्ट में बयान कराए गए हैं।
बयान का अभी अवलोकन नहीं हो सका। बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। दो आरोपियों की गिरफ्तारी कर पॉक्सो, एससीएसटी एक्ट व सामूहिक दुष्कर्म की धारा को बढ़ाया गया है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि कहा कि क्लीनिक का सील कर दिया है। आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।