दो साल बाद भी नहीं मिले ढाई लाख
नंगला पिथौरा की अंजलि के पति श्रमिक नरेंद्र की ढाई वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। आवेदन के बाद श्रमिक की अंत्येष्टि के लिए मिलने वाली 25 हजार की आर्थिक मदद उसे मिली, लेकिन मौत के बाद मिलने वाली ढाई लाख रुपये की मदद आज तक नहीं मिली है। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य रहे जगदीश पांचाल भी विभागीय अधिकारियों से मिले, लेकिन अफसरों पर कोई असर नहीं हुआ।
शादी हो गई कब मिलेगी मदद
गांव न्यामू के सुरेंद्र ने बेटी की शादी के लिए 28 नवंबर 2021 में आवेदन किया था। बेटी की शादी हो चुकी है। आवेदन के बाद ये यह भी विभाग के चक्कर काट रहे हैं।
बालिका मदद योजना का उड़ रहा मजाक
गांव शेरपुर के सलीम ने बताया कि उसने चार जनवरी 2021 को उसने बालिका मदद योजना में आवेदन किया था। वह मजदूरी करते हैं और विभाग में उनका रजिस्ट्रेशन है। उन्हें बताया गया था कि योजना में 15 हजार रुपये मिलेंगे।
आरोप है कि एक कर्मचारी ने रिपोर्ट लगवाने के उससे 1200 रुपये लिए थे और कहा था यह फीस हम सबसे लेते हैं। ढाई वर्ष हो गए अभी तक पैसा नहीं मिला है। जब भी आते हैं तो बताया जाता है कि पैसा पास हो गया है।
बाछूराम पूछ रहा हमारा क्या कसूर
बुढ़ाना के गांव उकावली के बाछुराम ने 25 फरवरी 2022 में बेटी होने पर मदद के लिए आवेदन किया था। श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने दो माह बाद 25 अप्रैल को उनके आवेदन पर योजना का लाभ देने की संस्तुति कर दी।
जब पैसा नहीं आया तो इंटरनेट से आवेदन निकलवाया गया तो उस पर लिखा आया कि आवेदन श्रम प्रवर्तन अधिकारी स्तर पर लंबित है, जबकि 25 अप्रैल 2022 की इंटरनेट की रिपोर्ट भी हमारे पास है। अधिकारी कोई उत्तर नहीं देते हैं। 15 बार से अधिक वह यहां कार्यालय पर आ चुका है।
बेटी की शादी हो चुकी मदद नहीं आई
रामपुरी के राकेश पांचाल मिस्त्री का कार्य करते हैं। श्रम विभाग की विवाह योजना में ढाई साल पहले आवेदन किया था। बेटी की शादी हो चुकी है। राकेश दो साल से लगातार दफ्तर के चक्कर काट रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी की योजना का लाभ उसे नहीं मिल पाया है।
हमारे यहां पांच हजार आवेदन लंबित
सहायक श्रमायुक्त राजकुमार का कहना है कि उन्होंने कुछ दिन पहले ही चार्ज लिया है। उनसे पहले के चार हजार से अधिक आवेदन पेंडिंग है। हमारे पास स्टाफ कम हैं, कैसे काम को निपटाएं। इस समय पांच हजार आवेदन लंबित हैं।