सराफ का नौकर जेवरात लेकर लापता
खतौली। मोहल्ला जैननगर निवासी सराफ मोहित वर्मा रतनपुरी में ज्वैलर्स और कपड़े की दुकान करता है। दुकान पर मोहल्ला निवासी सौरभ सलूजा पुत्र मदनलाल सलूजा दो साल से नौकरी कर रहा है। मोहित वर्मा मंगलवार की सुबह नौकर सौरभ सलूजा को लेकर प्रतिदिन की तरह दुकान पर गया था। मोहित वर्मा ने मंगलवार को ही सौरभ सलूजा को डेढ़ लाख रुपये की नकदी बैंक में जमा कराने तथा सोने व चांदी के कुछ जेवर घर पर देकर आने के लिए भेजा था। सौरभ सलूजा नकदी व जेवर लेकर लापता हो गया। परिजन मंगलवार रात से उसको तलाश कर रहे हैं। सौरभ के भाई गौरव सलूजा ने पुलिस को अपने भाई के लापता होने की तहरीर दी है। पुलिस ने सराफ को थाने में बुलवाया तो नकदी व जेवर लेकर लापता होने की बात सामने निकलकर आई। पुलिस ने इस मामले की जांच पड़ताल करनी प्रारंभ कर दी है।