संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। उच्च शिक्षा संस्थानों को ग्रेड देने वाली महत्वपूर्ण संस्था नैक ने अपनी रैंकिंग में एसडी डिग्री कॉलेज को ए ग्रेड दिया है। दोनों विश्वविद्यालयों से संबद्ध अशासकीय महाविद्यालयों में ए ग्रेड प्राप्त करने वाला एसडी डिग्री पहला कॉलेज बना है।
भोपा रोड स्थित सनातन धर्म महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर सुधीर कुमार पुंडीर ने पत्रकारों को बताया कि उनके महाविद्यालय को नैक मूल्यांकन में ए ग्रेड प्राप्त हुआ है। इसके लिए पूरा महाविद्यालय का स्टाफ पिछले दो सालों प्रयासरत था। उन्होंने बताया कि 14 व 15 दिसंबर को कश्मीर, बंगलुरू और तमिलनाडु से पहुंची नैक पियर की टीम ने महाविद्यालय का मूल्यांकन किया था। पहले ही प्रयास में उन्हें यह सफलता मिली है।
टीम ने महाविद्यालय की शैक्षिणिक गतिविधियों, इन्फ्रास्ट्रक्चर, तकनीकी क्षेत्र के साथ-साथ अन्य क्रियाकलापों को अग्रणीय बताया था। इसी के साथ महाविद्यालय में संचालित एनसीसी, एनएसएस की रोवर्स-रेंजर्स की अतिरिक्त प्रशंसा की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंत में खुद पियर टीम के चेयरमैन ने तारीफ की थी।
वह दो साल पहले ही कॉलेज के प्राचार्य पद पर नियुक्त हुए थे। यहां 14 क्लास को स्मार्ट किया गया है। इसके अलावा 125 कंप्यूटर वाली लैब तैयार की गई है, जिसमें सभी सामाजिक संस्थाओं का सहयोग है। उन्होंने कहा कि अब वह एनआईआरएफ रैंक के लिए आवेदन करेंगे। इस मौके पर नैक समन्वयक डॉ. ममता श्याम, आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. अलका बंसल, चीफ प्रोक्टर डॉ. अरविंद पंवार, सोनाक्षी, अंजुल भूषण, अंकित, राहुल मिश्रा, संदीप चौधरी, रवि, रविंदर, विकास मौजूद रहे।