मुजफ्फरनगर। त्यौहारों पर मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों के विक्रय पर प्रभावी रोकथाम के लिए सहायक आयुक्त (खाद्य) अर्चना धीरान व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिव कुमार मिश्रा के नेतृत्व में जांच अभियान चला। इसमें मिठाई, मिर्च, मसाला सहित सात नमूने जांच को भेजे। 90 किलो पेठे की मिठाई नष्ट कराई गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जांच के लिए शामली रोड स्थित गौशाला में नफीस अहमद के प्रतिष्ठान पर पहुंची, जहां से हल्दी पाउडर, गर्म मसाला व लाल मिर्च पाउडर का एक-एक नमूना संग्रहित किया।
मिलावट के संदेह पर 56 हजार रुपये मूल्य का दो क्विंटल हल्दी पाउडर,19 किलो गर्म मसाला, 11 किलो लाल मिर्च पाउडर सीज किया गया। इसके बाद गौशाला से ही गुलजार के प्रतिष्ठान से पेठे की मिठाई का एक नमूना संग्रहित किया।
मिलावट के संदेह के आधार पर साढ़े 13 हजार रुपए की कीमत की 90 किलो पेठे की मिठाई नष्ट कराई गई। इसके अलावा अंसारी रोड की लक्ष्मी मिष्ठान भण्डार से बिकानेरी बर्फी, नारियल बर्फी व मलाई चाप का एक-एक नमूना संग्रहित किया गया।
स्वदेशी मेले में लगे झूले, बढ़ रही खरीदारी
मुजफ्फरनगर। नवीन मंडी स्थल पर आयोजित स्वदेशी मेले में बिक्री लगातार बढ़ रही है। मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले भी लगा दिए गए हैं। सोमवार को पूर्व विधायक उमेश मलिक और भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के श्रीमोहन तायल ने स्वदेशी मेले का अवलोकन किया। उद्योग आयुक्त जैस्मिन ने बताया कि अभी तक लगभग 14 लाख रुपए की दुकानदारी हो चुकी है।
ऑनर ऑफ अशोक अवार्ड से सम्मानित हुए एसएसपी
मुजफ्फरनगर। हिमाचल प्रदेश व राजस्थान के पूर्व गवर्नर कलराज मिश्रा ने इंडिया हैबिटेट सेंटर नई दिल्ली में एसएसपी संजय कुमार वर्मा को ऑनर ऑफ अशोक अवार्ड से सम्मानित किया। बताया गया कि यह पुरस्कार वर्षों तक पुलिस सेवा के प्रति निष्ठा, समर्पण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका व राष्ट्र की प्रगति में उनके अथक प्रयासों और अमूल्य योगदान के लिए दिया गया है।